Thursday, April 2, 2026

मातु भवानी कृपा कीजिये

मातु भवानी कृपा कीजिये
गीत - प्रदीप छंद-16,13 पदांत 212 

मातु भवानी कृपा कीजिये, दो ऐसा वरदान मॉं।
हो अखंड सौभाग्य हमारा, पुलकित रहे जहान मॉं।।

व्रती निर्जला सदा सुहागन, भादो तीज तिहार में।
शिव गौरी पूजन करती हैं, सज सोलह शृंगार में॥
हम सबका सिन्दूर अमर हो, वर दो कृपानिधान मॉं...
हो अखण्ड सौभाग्य हमारा, पुलकित रहे जहान मॉं...

लाली चूड़ी बिंदी चूनर, सिन्दूर लाली से सजूँ।
लाली साड़ी लाल महावर, होठों में लाली रचूँ ॥
जवाकुसुम सी नित लाली हो, दो जीवन सम्मान मॉं ।
हो अखण्ड सौभाग्य हमारा, पुलकित रहे जहान मॉं...

मधुर ध्वनि शुचि वन्दन गाऊँ, मंगल गीत उचारते।
घंटा शंख मृदंग बजाऊँ, माता तुम्हें पुकारते।
फूल कनेर  मदार चढ़ाऊँ, कर लूँ शिव आह्वान मॉं।
हो अखंड सौभाग्य हमारा, पुलकित रहे जहान मॉं॥

*डॉ.अशोक आकाश✍️दिनॉंक-27-8-2025

No comments:

Post a Comment